चरखारी (महोबा)। कस्बा चरखारी में मोहर्रम की सातवीं तारीख पर 14 जुलाई को दुलदुल जुलूस निकलेगा। इसे लेकर सीओ ने समिति के साथ बैठककर जुलूस का रूट, ताजियों के आकार, भीड़ की स्थिति, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा की। जुलूस वाले दिन भीड़ को देखते हुए तीन स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी।
सीओ रविकांत गोंड ने कहा कि मोहर्रम की 9वीं व 10वीं तारीख को निकलने वाले ताजियों के आकार पूर्व की तरह ही रहेगा। दुलदुल जुलूस में पिछले वर्षों की तरह संभावित एक लाख से अधिक भीड़ को देखते हुए विशेष सतर्कता की आवश्यकता हैं।
कोतवाल गणेश प्रसाद गुप्ता ने बताया कि आयोजन समिति की मांग पर इस बार बस स्टैंड तक चार पहिया वाहन आएंगे, जहां पार्किंग होंगी। इसके अलावा बुजुर्ग और बच्चों वाले वाहन पावर हाउस से होते हुए गोलाघाट तक आएंगे, लेकिन यहां आने वाले वाहनों की संख्या सीमित होगी।
अधिकांश वाहनों की पार्किंग डाकबंगला मैदान में ही होगी। बैठक में सद्दाम, दुलदुल समिति के प्रमुख न्याज अहमद खां, न्यामत सौदागर, मो. सरफराज, मुबारक शाह आदि मौजूद रहे।