महोबा। शहर के यशोदानगर में चोरों ने गुरुवार की रात एक मकान का ताला तोड़कर 20 हजार रुपये की नकदी समेत लाखों का माल चोरी कर लिया। घटना के समय गृहस्वामी परिवार समेत शादी समारोह में शामिल होने गया था। सूचना पर पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर जांच शुरू की है।
यशोदानगर निवासी लक्ष्मीकांत छह जून को एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए परिवार समेत गए थे। गुरुवार रात मुख्य गेट का ताला तोड़कर अंदर घुसे चोरों ने अलमारी व बक्सों के ताले तोड़ते हुए नकदी और सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे लक्ष्मीकांत वापस घर लौटा तो ताले टूटे व सामान बिखरा देख उसके होश उड़ गए। घटना की सूचना तत्काल यूपी 112 पुलिस को दी गई।
पीड़ित ने बताया कि चोर अलमारी में रखी 20 हजार रुपये की नकदी, 46 ग्राम सोने के आभूषण और आधा किलो से अधिक के चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए हैं। घटना में तीन लाख से अधिक का माल चोरी हुआ है। क्षेत्र में चोरी की लगातार बढ़ती घटनाओं से लोगों में नाराजगी है।