फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दुकान से 20 लाख के मोबाइल चोरी

विज्ञापन
चोरी की घटना के बाद जांच करती कोतवाली पुलिस। - फोटो : MAHOBA
विज्ञापन
महोबा। शहर के ऊदल चौक पर पुरवार वॉच कंपनी केे नाम से संचालित इलेक्ट्रानिक उपकरणों की दुकान में शनिवार रात चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया। पेड़ पर रस्सी बांधकर छत पर पहुंचे चोरों ने दुकान का रोशनदान तोड़ा और दुकान में रखे 150 से अधिक मोबाइल चुरा ले गए। इनकी कीमत 20 लाख से अधिक बताई जा रही है। सूचना पर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं। बांदा से आई डॉग स्क्वाड ने मुआयना कर जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन

चरखारी बाईपास मार्ग निवासी राम किशोर पुरवार शहर के ऊदल चौक में पुरवार वॉच कंपनी के नाम से दुकान चलाते हैं। इसमें वह विभिन्न कंपनियों के मोबाइल के साथ फ्रिज, वॉशिंग मशीन, एलईडी समेत इलेक्ट्रानिक उपकरणों की थोक व फुटकर बिक्री का काम करते हैं। शनिवार रात करीब नौ बजे वह दुकान बंद कर घर चले गए। देर रात चोर दुकान के पीछे लगे पेड़ पर रस्सी बांधकर दुकान की छत पर पहुंचे और रोशनदान में लगी खिड़की तोड़कर अंदर प्रवेश किया। चोरों ने दुकान में रखे 150 से अधिक कीमती मोबाइल चोरी कर लिए।
सुबह जब राम किशोर दुकान पहुंचे तो मोबाइल के डब्बे बिखरे पड़े थे और मोबाइल गायब थे। इसकी सूचना तत्काल कोतवाली पुलिस को दी गई। सूचना पर सीओ राम प्रवेश राय, कोतवाली प्रभारी शशि कुमार पांडेय पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान दुकान के पीछे लगे पेड़ पर लंबी रस्सी बंधी मिली। इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि रस्सी के सहारे ही चोर दुकान की छत पर पहुंचे। पीड़ित दुकानदार राम किशोर ने बताया कि चोर दुकान से 30 हजार की नगदी व करीब 20 लाख रुपये की कीमत के मोबाइल चोरी कर ले गए हैं। चोरी की इस बड़ी वारदात का खुलासा करने के लिए बांदा से डॉग स्क्वाड को बुलाया गया। डॉग स्क्वाड ने घटनास्थल का मुआयना किया। कोतवाली प्रभारी का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।
विज्ञापन

दस हजार से अधिक के ही मोबाइल चुराए
रोशनदान तोड़कर दुकान में घुसे चोरों ने बेखौफ होकर घटना को अंजाम दिया। दुकान में रखे सैकड़ों मोबाइल फोन में से चोर दस हजार रुपये से अधिक कीमत वाले फोन ही ले गए। इतना ही नहीं मोबाइल फोन के डिब्बे अलग कर फोन और चार्जर ही चोरी किए। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि चोरों ने दुकान के अंदर घंटों का समय बिताया और एक-एक कर मोबाइल छांटते रहे।
जल्द खुलासा न हुआ तो व्यापारी करेंगे आंदोलन
शहर के व्यस्ततम चौराहे ऊदल चौक पर स्थित दुकान से लाखों की चोरी होने की घटना आग की तरह फैल गई। देखते ही देखते घटनास्थल पर व्यापारियों की भारी भीड़ एकत्र हो गई। घटनास्थल से 200 मीटर की दूरी पर पुलिस चौकी स्थापित होने और पूरी रात पुलिस की गश्त होने के बाद भी चोरी की घटना होने से व्यापारियों में आक्रोश दिखा। व्यापारी नेता भागीरथ नगायच, सेवक नंदवानी, रामजी गुप्ता, अफजल, रवि साहू आदि ने चेतावनी दी है कि यदि चोरी की घटना का शीघ्र खुलासा नहीं हुआ, तो व्यापारी आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें