महोबा। उच्च शिक्षा व तकनीकी शिक्षा हासिल कर बेरोजगार घूम रहे युवा बेहतर नौकरी का सपना लेकर रोजगार मेले में पहुंचे। उम्मीद के मुताबिक वेतन वाली नौकरी न मिलने से निराश हो गए। अभ्यर्थियों ने कहा कि काम अधिक और वेतन कम है। नौकरी का ऑफर भी दूर स्थित जिलों में दिया जा रहा है, जो हमे मंजूर नहीं है।
राजकीय आईटीआई महोबा में बुधवार को एक दिवसीय रोजगार व अप्रेंटिसशिप मेले का आयोजन किया गया। मेले में चार कंपनियों ने प्रतिभाग किया। अथर्व इंडस्ट्रीज, एडूवेनटेज प्राईवेट लिमिटेड, इजीवन पे सॉल्यूशन और बुंदेलखंड ऑटाेमोबाइल्स कंपनी की ओर से लिए साक्षात्कार में 110 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया। साक्षात्कार की कसौटी पर खरे उतरे 32 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया।
समाजसेवी शिवकुमार गोस्वामी, रामजी गुप्ता, आईटीआई के प्रधानाचार्य अभिषेक मिश्रा, सह रोजगार मेला प्रभारी सुशील कुमार, कौशल विकास मिशन के ओमप्रकाश, मॉडल कॅरिअर सेंटर की अर्चना यादव ने सफल अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस मौके पर विवेक कुमार जड़िया, राकेश यादव, सौरभ सोनी, अभिषेक पाल, अरविंद कुमार आदि मौजूद रहे।
चरखारी निवासी रामकृपाल विश्वकर्मा ने बताया कि वह बीए व आईटीआई पास है। बुंदेलखंड ऑटोमोबाइल्स कंपनी में साक्षात्कार दिया। नौकरी के लिए चयन हो गया है। बाहर जाने पर 25 हजार रुपये प्रति माह के पैकेज पर नौकरी का ऑफर मिला है। यदि जनपद महोबा में कंपनी की ओर से जॉइनिंग दी जाएगी तो ही नौकरी करेंगे। बाहर के जिलों में नौकरी करने के लिए नहीं जाएंगे।
हमीरपुर में मिलेगी तो करेंगे नौकरी
सिरसीकलां निवासी भावना का कहना है कि वह एमए, आईटीआई व सीसीसी उत्तीर्ण है। बुंदेलखंड ऑटोमोबाइल्स में साक्षात्कार दिया। आश्वासन मिला कि फोन के माध्यम से चयन की जानकारी दी जाएगी। कंपनी इजवन पे सॉल्युशन में भी साक्षात्कार दिया। यहां सात हजार रुपये प्रति माह नौकरी मिली है। महोबा, बांदा, हमीरपुर में नौकरी मिलेगी तो ही करेंगे। नौकरी के लिए बाहर नहीं जाएंगे।
पढ़ाई पूरी करने के बाद करेंगे आवेदन
कुलपहाड़ निवासी जाकिर अली ने बताया कि वह बीए और सीसीसी उत्तीर्ण है जबकि आईटीआई प्रथम वर्ष की पढ़ाई चल रही है। उसने एडुवेंटीज प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में अपना साक्षात्कार दिया। कंपनी की ओर से पढ़ाई से संबंधित प्रश्न किए गए। आईटीआई प्रथम वर्ष की पढ़ाई जारी होने की वजह से उन्हें कंपनी ने चयनित नहीं किया। अब वह आईटीआई की पढ़ाई पूरी करने के बाद ही नौकरी के लिए साक्षात्कार देंगे।