पनवाड़ी (महोबा)। झारखंड नदी का जलस्तर बढ़ने से टापूनुमा पत्थरों पर फंसे एक युवक को पुलिस ने रेस्क्यू कर सकुशल बाहर निकाल लिया। नैपुरा गांव निवासी मानसिक रूप से कमजोर हबीब (35) महोबकंठ थाने की नगारा चौकी के अंतर्गत आने वाली झारखण्ड नदी के समीप पहुंच गया। रात के समय धसान नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से हबीब नदी के बीच पत्थर के टापू पर फंस गया। सुबह चरवाहों ने नदी में किसी व्यक्ति के फंसे होने की सूचना ग्राम प्रधान को दी। तब नगारा चौकी प्ररारी महेंद्र सिंह वर्मा, थाना महोबकंठ प्रभारी यशवंत सिंह, लहचूरा थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह चौहान मौके पर पहुंचे और गोताखोरों को बुलाकर चार घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद हबीब को सकुशल नदी से बाहर निकाला गया। पूछताछ के बाद युवक को गुढ़ा निवासी उसके मामा के सुपुर्द किया गया। (संवाद)