महोबा। झांसी-मिर्जापुर हाईवे पर रैपुरा गांव के पास दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में दो युवकों की मौके पर मौत हो गई जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया। एक की हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे जिससे उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं और दो की जान चली गई।
कोतवाली कुलपहाड़ के कमालपुरा गांव निवासी महेंद्र का पुत्र रोहित (18) अपने चचेरे भाई अजय (17) के साथ बाइक से मोबाइल खरीदने के लिए महोबा आया था। रविवार की दोपहर वापस लौटते समय रैपुरा पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से जोरदार भिड़ंत हो गई। इससे दोनों चचेरे भाई गंभीर रूप से घायल हो जबकि दूसरी बाइक में सवार मुढ़हरा निवासी पुष्पेंद्र (20) व उसका दोस्त भूरा (21) को गंभीर चोटें आईं।
सड़क पर खून से लथपथ पड़े घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टर ने रोहित और पुष्पेंद्र को मृत घोषित कर दिया। भूरा की हालत गंभीर होने पर झांसी रेफर किया गया जबकि अजय का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही परिजन व रिश्तेदार अस्पताल पहुंच गए। मृतक रोहित व उसका चचेरा भाई अजय महाविद्यालय में बीए के छात्र थे।