रेलवे क्रासिंग के पास एक युवक की दस दिन बाद कुएं में लाश मिलने पर मृतक के पिता ने हत्या का आरोप लगाते हुए अज्ञात लोगों के खिलाफ कोतवाली कुलपहाड़ तहरीर दी। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कोतवाली कुलपहाड़ के ग्राम मुढ़ारी निवासी जग्गू कुशवाहा (30) पुत्र ग्यासी कुशवाहा पिछले कुछ सालों से खेतों के पास मकान बनाकर परिवार के साथ रह रहा था। चार मई को वह घर से कुलपहाड़ जाने की बात कहकर घर से निकला था, और देर रात तक घर नहीं पहुंचा। अगले दिन सुबह परिजनों ने उसकी रिश्तेदारी व आसपास के गांव में तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं लगा, जिस पर उसके पिता ग्यासी कुशवाहा ने कोतवाली कुलपहाड़ में बेटे के गायब होने की सूचना दी। पुलिस के काफी तलाश के बाद भी कोई सुराग नहीं लगा। गुरुवार को ग्रामीणों ने रेलवे स्टेशन कुलपहाड़ ट्रैक के पास कुएं में शव पड़ा होने की सूचना पुलिस दी।
पुलिस ने शव को बाहर निकाला, इसकी शिनाख्त मृतक के पिता ग्यासी कुशवाहा ने जग्गू कुशवाहा के रुप में की। शरीर पर चोटें पाए जाने पर हत्या कर शव को कुएं में फेंके जाने के कयास लगाए जा रहे है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक केके गहलोत, सीओ कुलपहाड़ जीपी यादव घटना स्थल का निरीक्षण किया। उधर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बीजानगर के कुएं पर एक अज्ञात ग्रामीण का शव बरामद किया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।