महोबा। बिजली जुल्म के खिलाफ बुंदेली समाज के तत्वावधान में चल रहे बेमियादी अनशन में पीड़ित उपभोक्ताओं की शिरकत दिनोदिन बढ़ रही है। एक हफ्ते से अनशन पर बैठीं सुमित्रा देवी को बिजली विभाग ने एक लाख तीन हजार का बिल भेजा है। 26 हजार का बिल पाकर रिक्शाचालक के होश उड़ गए।
शुक्रवार को आल्हा चौक में चल रहे अनशन में शामिल बुंदेली समाज के संयोजक तारा पाटकार ने बताया विद्युत विभाग शिकायतों के निस्तारण में रुचि नहीं दिखा रहा है। अनशन स्थल पर 606 शिकायतें विभाग को संबंधित कागजात के साथ सौपी गई, लेकिन एक माह बाद इनके निस्तारण की कोई जानकारी नहीं दी गई।
समस्या से त्रस्त उपभोक्ता विभागीय दफ्तार और अनशन स्थल के चक्कर लगा रहे हैं। सभी शिकायतें बिल संशोधन और विद्युत भार कम करने की है। संरक्षक सुखनंदन सिंह यादव ने कहा जो काम बिजली विभाग को आल्हा चौक में समाधान केंद्र खेालकर करना था वह बुंदेली समाज कर रहा है।
महामंत्री अजय बरसैया ने बताया पूर्व मंत्री सिद्वगोपाल साहू के समक्ष तय हुआ था सुबह 10 से 12 बजे तक समाधान केंद्र खुलेगा लेकिन कुछ नहीं हुआ। अनशन में राजकुमार द्विवेदी, सूरज प्रकाश खरे, योगेश गुप्ता,अमरचंद विश्वकर्मा आदि मौजूद रहे।