कानपुर सागर राष्ट्रीय राजमार्ग में चिरारा बस स्टैंड के पास सवारी उतारने के लिए रुकी रोडवेज बस में तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। जिससे बस आगे सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। दुर्घटना में आठ यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए जबकि आधा दर्जन लोगों को हल्की चोटें आई। घायलों को
इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मौदहा पहुंचाया गया है। पुलिस ने ट्रक और चालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।सोमवार को महोबा से रोडवेज बस कानपुर जा रही थी। बस में तीन दर्जन से अधिक यात्री सवार थे। जैसे ही रोडवेज बस चिचारा बस स्टैंड के समीप पहुंचकर सवारियां उतारने
के लिए रुकी तभी कानपुर की ओर जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बस में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। जिससे बस आगे खड़े ट्रक से टकरा गई। दुर्घटना के बाद बस में सवार यात्रियों में चीख पुकार मच गई। इस दौरान राहगीरों की मौके पर भारी भीड़ एकत्र हो गई।लोगों ने बस में फंसे घायलों को बाहर निकाल
इलाज के लिए एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मौदहा पहुंचाया। घायलों में स्वदेश (32) निवासी भरुआ, मु. इमरान (28) निवासी कुलपहाड़, मनीराम (55) निवासी इमलिया, सबीना (50) निवासी कदौरा जालौन, संतिका (28) निवासी मौदहा, सूरज गुप्ता (33) निवासी कानपुर, बालादीन (52)
निवासी हमीरपुर व बस का परिचालक अजय सिंह (42) शामिल है। दुर्घटना में रोडवेज बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। बाद में दूसरी बस से शेष यात्रियों को गंतव्य की ओर रवाना किया गया।
यात्री को बीच रास्ते में अभद्रता कर उतारा
रोडवेज बस से सामान लेकर झांसी जा रहे यात्री खरेला के ग्राम बसौठ निवासी छत्रपाल राजपूत ने एआरएम को दिए शिकायती पत्र देकर बस के चालक व परिचालक पर अभद्रता करने का आरोप लगाया है। छत्रपाल का कहना है कि यात्रा के दौरान 35 किलोग्राम से कम का लगेज होने के बाद भी परिचालक ने उससे लगेज का भाड़ा मांगा। लगेज का भाड़ा देने के बाद रसीद मांगी तो परिचालक और चालक ने अभद्रता करते हुए उसे पनवाड़ी के पास बीच रास्ते में उतार दिया। पीड़ित ने मामले की जांचकर चालक परिचालक के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की।