मौदहा बांध पर पुलिया के बीच बनी सड़क के कटाव से दो दर्जन गांव का आवागमन प्रभावित हो गया है। जिससे आठ किमी दूरी का सफर लोगों को तीन 30 किमी का चक्कर लगाकर पूरा करना पड़ रहा है। आय दिन टूटी सड़क पर हादसे की आशंका को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है।
विकासखंड चरखारी के ग्राम कुड़ार, बल्लाय, चंदौली, जरौली, दमदमा, तिसौनी, दपका खुड़ा और टिकरी, बिंदावर, बरदा, बरैड़ा सहित हमीरपुर जिले के कई गांव के लोगों का मौदहा बांध में खरेला बाया टिकरी कुड़ार मार्ग से आवागमन है। पिछले वर्ष टिकरी से कुड़ार के बीच तीन किमी कच्ची सड़क के मध्य बांध के बीचों बीच बनी पुलिया जल भराव से कट गई थी। जहां से वाहनों एवं राहगीरों का खरेला से संपर्क कट गया है। ग्रामीणों की शिकायतों के बावजूद कच्ची सड़क के कटाव की मरम्मत सिंचाई विभाग ने नही कराई है। जिसके चलते दर्जन भर से अधिक गांव के लोग थाना खरेला और बाजार जाने के लिए आठ किमी के स्थान पर 30 किमी चक्कर लगाकर आना पड़ रहा है। जिससे लोगों का समय और पैसा दोनों बर्बाद हो रहा है। कुड़ार के पूर्व प्रधान जयसिंह राजपूत, चंदौली प्रधान देवसिंह राजपूत आदि ने बताया कि कई बार इस सड़क के पक्के निर्माण की मांग उठाई। लेकिन सड़क तो पक्की नही बनी बल्कि आवागमन में कच्ची सड़क का बांध के जल भराव से कटाव अधिक हो जाने के कारण रास्ता बंद हो गया। टिकरी के प्रधानपति श्रीकिशन यादव ने बताया कि सिंचाई विभाग के अधिकारियों को अवगत कराया गया फिर भी कटकर बांध में समाई सड़क की मरम्मत पर गौर नही किया गया। रातदिन चलने वाली इस सड़क के बीच हुए कटाव में अंजान राहगीर कभी भी दुर्घटनाग्रस्त हो सकते है। हमेशा बांध पर बनी इस सड़क पर बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है।