रविवार की रात शहर के डाक बंगला के नजदीक एक तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे लगे तीन खंभाें को टक्कर मार दी। जिससे दो खंभे क्षतिग्रस्त होकर जमीन पर गिर गए। जबकि एक खंभा क्षतिग्रस्त होकर झुक गया। टक्कर लगने से बिजली के तार भी खिंचाव के चलते टूट गए। जिससे डाक बंगला, सुभाष नगर सहित आधा दर्जन मोहल्लाें में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। गनीमत यह रही कि टक्कर लगने के वक्त बिजली आपूर्ति नहीं हो रही थी। अन्यथा कोई बड़ा हादसा हो सकता था।
टक्कर लगने से खंभे क्षतिग्रस्त होने की सूचना नागरिकों ने बिजली विभाग को दी। रात में ही पहुंचे बिजली विभाग के कर्मचारियाें ने सड़क पर पड़े तारों को हटाकर किनारे कर दिया। खंभे गिर जाने और सड़क पर बिजली के तार टूटकर बिछ जाने से तीन घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। जिससे वाहन चालकों और यात्रियाें को खासी दिक्कत का सामना करना पड़ा। वहीं बिजली के खंभे टूट जाने से सोमवार की दोपहर तक बिजली बहाल नहीं हो सकी थी।