पनवाड़ी (महोबा)। ब्लॉक पनवाड़ी के कोटरा गांव में एक दबंग ने मुख्य नाला अवरुद्ध कर पानी की निकासी रोक दी है। इससे गांव के रास्ते जलमग्न हो गए हैं। जलनिकासी न होने से गलियों में पानी भरा है। स्कूल जाने वाले बच्चों को सबसे ज्यादा दिक्कत हो रही है। आक्रोशित ग्रामीणों ने ब्लॉक कार्यालय पहुंच एडीओ पंचायत कमलेश वर्मा को शिकायती पत्र सौंपकर जलनिकासी की व्यवस्था कराए जाने की मांग की है।
कोटरा गांव निवासी धीरेंद्र सिंह, बहादुर सिंह, रामप्रकाश, रमेशचंद्र, जाहर सिंह, जगदीश, कैलाश, लखन, उदयभान सिंह, रामकुमार, देवसिंह, मानसिंह, रघुवीर सिंह, जीतू, अवधेश आदि ने बताया कि गांव की नालियोंं का पानी मुख्य नाले से जाता है। आरोप लगाया कि दबंग ने नाले में मिट्टी भरवाकर जलनिकासी बंद कर दी है। इससे गांव में पानी भर रहा है। कई मार्ग जलमग्न हैं। सड़कोंं में पानी भरा होने से आवागमन में दिक्कत हो रही है। स्कूल आने-जाने में बच्चों के जूते तक पानी में डूब जाते हैं। यह समस्या एक सप्ताह से बनी है लेकिन कोई ध्यान नहीं दे रहा है। उन्होंने जलनिकासी की व्यवस्था शीघ्र कराए जाने की मांग की है। उधर, एडीओ पंचायत ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि जलनिकासी मार्ग की जांच कराई जाएगी और जल्द ही समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।