उत्तर भारत का मशहूर ऐतिहासिक कजली मेले में दुकानों का आवंटन मंगलवार को कर दिया गया था। लेकिन दर्जनों दुकानदारों को मेले में जगह न मिलने से दुकानदारों ने हंगामा कर डीएम से शिकायत की थी। जिस पर डीएम ने एसडीएम को आदेश देकर सभी दुकानदारों को जगह दिलाने के आदेश दिए। बुधवार को एसडीएम प्रबुद्घ सिंह ने दुकानों की दोबारा नाप करते हुए छूटे दुकानदारों को दुकानों का आवंटन किया।
आल्हा ऊदल की नगरी महोबा में 30 अप्रैल को 834वां कजली मेले का शोभा यात्रा के साथ शुभारंभ किया जाएगा। ऐतिहासिक कीरत सागर तट पर एक सप्ताह तक चलने वाले इस मेले दूर-दूर के दुकानदार भाग लेते हैं। मंगलवार को किए गए दुकानों के आवंटन में दर्जनभर दुकानदारों को स्थान न मिल पाने से दुकानदारों ने इसकी शिकायत जिलाधिकारी वीरेश्वर सिंह से की थी, डीएम के निर्देश पर उपजिलाधिकारी प्रबुद्ध सिंह ने बुधवार को मेला परिसर मे लगाई जाने वाली दुकानों की दोबारा नाप कराकर दुकानों के आकार को छोटा कराया। जिसके बाद शेष बचे दुकानदारों को भी दुकानों को आवंटन किया गया। मेले में दुकान पाने को लेकर एक सप्ताह पहले से ही कीरत सागर तट पर दुकानदारों की भीड़ जमा है। दुकानदार कमला, रहीस, मोनू, सीमा, रतीराम ने बताया कि पिछले साल 1000 रुपये में दुकानें दी गई थी, लेकिन इस साल 2500 रुपये लिए जा रहे हैं।