विकास खंड सभागार कबरई में प्रशिक्षण दिवस पर प्रगणक
और सुपरवाइजरों को रैपिड सर्वे के तरीके बताए। सर्वे में लगाए गए 250
कर्मचारियों को सर्वे सामग्री भी बांटी गई।
रविवार को एसडीएम की
अध्यक्षता में ब्लाक सभागार में आयोजित प्रशिक्षण शिविर में प्रगणकों को
गांव-गांव जाकर पिछड़े वर्ग के लोगों का रैपिड सर्वे करने के तरीके बताए।
सप्ताह भर चलने वाले सर्वे कार्य को समय से पूरा करने पर जोर दिया।
एसडीएम
प्रबुद्ध सिंह ने कहा कि एक कर्मचारी कम से कम 200 परिवारों का सर्वे
करेगा। इसमे किसी तरह की हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रगणक
प्रशिक्षण के दौरान किसी भी तरह की समस्या की बाबत जानकारी ले सकते हैं।
उन्होंने
कहा कि रैपिड सर्वे रिपोर्ट आने के बाद ही त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव
प्रक्रिया की शुुुरुआत कराई जाएगी, इसलिए ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी नियमित
समय से जाकर कार्य करें। बताया कि रैपिड सर्वे का कार्य 14 से 21 जून तक
चलेगा।
ड्यूटी पर लगाए गए कर्मचारी सुबह से ही विकास खंड कार्यालय
पहुंच गए। करीब 11 बजे अधिकारियों के आने के बाद लोगों को सामग्री वितरित
की गई। इसके बाद प्रगणक और सुपरवाइजरों को रैपिड सर्वे की बारीकियां बताई
गईं। खंड विकास अधिकारी ओमप्रकाश मिश्रा, एडीओ पंचायत ने भी प्रशिक्षण
दिया।