पनवाड़ी (महोबा)। शासन-प्रशासन की अनदेखी के चलते दस साल बाद भी पनवाड़ी के कोटपुरा इलाके में पाइपलाइन न बिछाने से गर्मी में पेयजल संकट से जूझ रहे ग्रामीणों की मदद के लिए समाजसेवी ने हाथ बढ़ाए। निजी खर्च से 500 मीटर लंबी पाइपलाइन बिछाकर ग्रामीणों को पेयजल समस्या से निजात दिलाई है। अब यहां के बाशिंदों को भरपूर पानी मिल रहा है।
गौरतलब है कि कस्बे के कोटपुरा इलाके में टैंकरों के सहारे पानी की हो रही थोड़ी बहुत सप्लाई से यहां के लोग बूंद-बूंद पानी के लिए सालों से परेशान है। ग्रामीणों ने बताया कि कई बार जिलाधिकारी को तहसील दिवस में शिकायती पत्र दिए। इसके बाद जल संस्थान को भी शिकायती पत्र देकर पानी की समस्या से समय-समय पर अवगत कराया। महकमे ने प्रोजेक्ट बनाकर शासन को भी भेजा लेकिन शासन से प्रोजेक्ट को मंजूरी न मिलने का खामियाजा ग्रामीण भुगत रहे थे।
अधिकारियों के चक्कर काट-काटकर थके चुके ग्रामीणों ने कस्बे के समाजसेवी व जिला पंचायत सदस्य संजय विक्रम परिहार को अवगत कराया। जिस पर समाजसेवी ने 500 मीटर पाइपलाइन बिछाकर ट्यूबवेल से जुलहटी मोहल्ले के लिए पाइपलाइन में जोड़कर कोटपुरा इलाके को पानी की समस्या से निजात दिला दी। पाइपलाइन में जगह स्टैंड पोस्ट लगा दिए हैं। जहां से ग्रामीण भरपूर पानी ले रहे हैं। इससे ग्रामीणों के चेहरे खिल उठे हैं।