महोबा। होली का उत्साह समाप्त होने के बाद लोगों पर रंगों का दुष्प्रभाव देखने को मिल रहा है। केमिकल और खुशबूयुक्त रंगों से कई लोग बीमार पड़ गए। इस दौरान मरीज उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंच रहे हैं। इनमें आँख, त्वचा व सांस संबंधी समस्याओं से पीड़ित लोग शामिल रहे। डॉक्टरों ने दवाओं के साथ जरूरी सलाह देकर उपचार किया।
रविवार को अवकाश होने के चलते जिला अस्पताल की ओपीडी बंद रही है। इस दौरान मरीज और तीमारदार इमरजेंसी वार्ड पहुंचे। अवकाश के चलते भीड़ होने पर मरीजों को आधा से एक घंटा अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा। इमरजेंसी ड्यूटी में तैनात डॉ. अमित राजपूत ने बताया कि कई लोगों को सांस फूलने व सीने में जकड़न की शिकायत हुई। उन्हें एलर्जी की समस्या भी झेलनी पड़ी। जिला अस्पताल के डॉ. गुलशेर अहमद ने बताया कि अस्पताल में आने वाले लोगों पर रंगों का दुष्प्रभाव देखने को मिल रहा है। आँखों में गुलाल जाने से जलन और लालिमा की शिकायतें सामने आईं। त्योहार के बाद रंगों से ग्रसित चार गुना मरीज पहुंच रहे हैं। वहीं, सीएचसी कुलपहाड़, कबरई, चरखारी समेत सभी स्वास्थ्य केंद्रों में ऐसे मरीजों की भरमार रही।