महोबा। चैत्र नवरात्र को लेकर माहौल देवीमय बना है। बुधवार को मां के पांचवें स्वरूप स्कंदमाता की आराधना को देवी मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ जुटी रही। विधि विधान से पूजा अर्चना कर भक्तों ने परिवार के खुशहाली की कामना की। नवरात्र पर्व को लेकर हवन पूजन, कन्या भोजन व मुंडन संस्कार आदि के आयोजन कराए जा रहे है। तमाम भक्त भीषण गर्मी और तपिश के बाद भी नौ दिन व्रत रखकर मां की आराधना में लीन हैं।
नवरात्र पर्व पर सबसे ज्यादा भीड़ शहर के शक्तिपीठ मां बड़ी चंद्रिका मंदिर में हो रही है। सुबह 4 बजे से भक्तों के मंदिर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो जाता है जो रात 10 बजे तक जारी रहता है। शहर के अलावा आसपास के हमीरपुर, बांदा व मध्यप्रदेश के छतरपुर जनपद के सैकड़ों की संख्या में भक्त मां के दरबार में माथा टेकने पहुंच रहे है। इसके अलावा छोटी चंद्रिका मंदिर, कालीमाता, सिंहवाहिनी, महेश्वरीमाता, गायत्री मंदिर, विन्ध्यवासिनी आदि देवी मंदिरों में भक्त पहुंचकर विधि विधान से पूजा अर्चना कर रहे हैं। देवी मंदिरों में कन्या भोज व हवन पूजन के कार्यक्रम कराए जा रहे है। वही तमाम लोग मंदिरों में पहुंचकर बच्चों के मुंडन संस्कार संपन्न करा रहे हैं।
शक्तिपीठ मां बड़ी चंद्रिका मंदिर में नौ दिवसीय मेले का आयोजन चल रहा है, जिसमें सजी दुकानों में खरीदारों की भीड़ जुट रही है। बच्चे झूलों आदि का आनंद उठा रहे हैं। चरखारी प्रतिनिधि के अनुसार पहाड़ पर विराजमान मदारन देवी मंदिर में नवरात्र पर्व पर दस दिवसीय मेला चल रहा है। मंदिर में पूजा अर्चना के लिए भारी संख्या में भक्त पहुंच रहे है। नौ दिन व्रत रखकर मां की आराधना में लीन भक्त नंगे पैर ही ऊंचे नीचे रास्तों से मंदिर पहुंच रहे है। साधक जवारा बोकर भक्ति में लीन है।