महोबा/श्रीनगर। कबरई ब्लॉक के ग्राम उरवारा से ननौरा तक बनाई जा रही सड़क काम पूरा होने से पहले ही सड़क उखड़ने लगी है। सड़क के टुकड़े किसी कारपेट की तरह उखड़ने रहे हैं। इस सड़क की खराब गुणवत्ता को लेकर एक वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। मंडी परिषद के डिप्टी डायरेक्टर ने निर्माण कार्य रुकवाते हुए पूरी सड़क को उखाड़कर दोबारा बनाए जाने के निर्देश दिए हैं।
राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद ने श्रीनगर क्षेत्र के ग्राम उरवारा से ननौरा तक करीब तीन किलोमीटर की सड़क का निर्माण एक सप्ताह पहले शुरू कराया है। 35.10 लाख रुपये की लागत से बन रही इस सड़क के निर्माण का कार्य अभी पूरा ही नहीं हुआ था कि सड़क उखड़ना शुरू हो गई। उरवारा गांव के कुछ युवाओं ने इस सड़क की गुणवत्ता पर सवाल उठाया। उनका कहना है कि ठेकेदार ने यहां पर डामर और गिट्टी डालना तो शुरू किया लेकिन रोडरोलर चलाना ही भूल गया। इसके चलते सड़क के टुकड़े उखड़ने लगे। स्थानीय लोगों ने बताया कि करीब 200 मीटर तक सड़क बनाई गई है। सड़क ननौरा गांव तक बनाई जानी है लेकिन काम पूरा होने से पहले ही सड़क उखड़ने से मामला तूल पकड़ गया। इसके बाद ठेकेदार ने काम बंद कर दिया है।
-
हाथ लगाते ही उखड़ने लगी सड़क
उरवारा गांव के खुमान सिंह कहते हैं कि सड़क निर्माण शुरू हुआ तो वे लोग खुश हो गए कि अब आवागमन सुलभ हो जाएगा लेकिन जब ठेकेदार ने मनमाने ढंग से सड़क बनाई तो विरोध भी किया। जब सड़क पर हाथ लगाया तो वह उखड़ने लगी। चार-पांच दिन में ही बनाई गई सड़क का आधा हिस्सा उखड़ गया है। कुछ दिन में दोबारा ऐसी ही हालत हो जाएगी।
-
ग्राम प्रधान को तो निर्माण की सूचना ही नहीं दी
ननौरा गांव के अंकित पटेल का कहना है कि उनकी मां ग्राम प्रधान हैं। उरवारा से ननौरा तक सड़क निर्माण कार्य शुरू हो गया लेकिन न तो मंडी परिषद ने उन्हें कोई सूचना दी और न ही ठेकेदार ने बताया। जो सड़क अभी बनी है, वह कुछ दिनों में ही खराब हो जाएगी। इसलिए मानकों के अनुसार सड़क बनाया जाना चाहिए।
बनाई गई सड़क उखाड़ी जाएगी
राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद बांदा के डिप्टी डायरेक्टर (कंस्ट्रक्शन) रामनरेश सोनकर का कहना है कि उन्हें इस घटिया निर्माण के बारे में जानकारी मिल गई है। जो सड़क बनाई गई है, उसको कैंसिल करा दिया गया है। इसे उखाड़कर दोबारा सड़क निर्माण शुरू कराया जाएगा। इस सड़क का काम देख रहे जेई सौरभ वर्मा को भी शो-कॉज नोटिस दिया गया है। सड़क की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा।
-
मैं छुट्टी पर था, अब काम देखूंगा
राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद के जेई सौरभ वर्मा का कहना है कि जिस दिन निर्माण कार्य शुरू कराया गया था, उस दिन वे छुट्टी पर थे। ठेकेदार का रोडरोलर खराब हो गया था, इसलिए रोड रोलर नहीं लगाया गया और सड़क उखड़ने लगी। काम कैंसिल हो गया है। अब सही ढंग से काम कराया जाएगा।
-
मौसम खराब होने से काम बिगड़ा
सड़क निर्माण के ठेकेदार आवेश का कहना है कि जैसे ही काम शुरू हुआ तो बारिश हो गई थी। जिस ठेकेदार को पेटी कांस्ट्रेक्ट दिया था उसका रोडरोलर भी खराब हो गया था। इससे सड़क सही ढंग से नहीं बन सकी है। दोबारा सड़क बनाई जाएगी।