रैली का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी शिवनारायण ने तहसील परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली कोतवाली रोड, रविदास मंदिर, मुख्य बाजार, शारदा मंदिर, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, आल्हा चौक और तहसील चौराहा होते हुए तहसील पर समाप्त हुई। रैली में बच्चे दो बूंद जिंदगी की पिलाओ, पोलियो को जड़ से मिटाओ, दो बूंद पोलियो ड्राप पिलाना है, पोलियो मुक्त भारत बनाना है आदि स्लोगन तख्तियों में नारे लगा रहे थे। इस मौके पर बोलते हुए सीडीओ ने कहा कि जिला अभी भी पोलियो से मुक्त है। उन्होंने कहा कि यदि एक भी बच्चा छूट गया तो पोलियो मुक्त भारत का सपना टूट जाएगा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एसके वार्ष्णेय ने कहा कि पोलियो वायरस एक बच्चे से दूसरे बच्चे में फैलता है। इसलिए इसे जड़ से मिटाना जरूरी है। इस मौके पर अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बीपी वर्मा, नवीन नामदेव, दाऊ तिवारी, रामजी गुप्ता, नेहा चंसौरिया सहित तमाम लोग मौजूद रहे।