सप्ताह भर से बदले मौसम के मिजाज से पूरा जिला तप रहा
है। अषाढ़ में भी जेठ माह का एहसास हो रहा है। तेज धूप और गर्मी के चलते
लोग बेहाल हैं। पारा 44.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। गर्मी बढ़ने से
पंखे और कूलरों ने भी जवाब दे दिया है।
दस दिन पहले हुई बारिश से
लोगों को काफी राहत मिली थी। पारा भी लुढ़क गया था, तपिश कम हो जाने से लोग
खुश थे, लेकिन सप्ताह भर से निकल रही तेज धूप के चलते लोग बेहाल हैं। दिन
में चल रह पंखे और कूलर भी गर्म हवाएं फेंक रहे हैं।
सुबह से ही
तेज धूप निकलने के कारण लोगों ने तौलिया और स्टोल फिर निकाल लिए गए हैं।
लोग जेठ की तरह सिर पर तौलिया बांध कर निकल रहे हैं। छात्राएं और महिलाएं
सिर पर स्टोल का इस्तेमाल करने लगी हैं। पंखे और कूलर ठंडी हवाओं के स्थान
पर गर्म हवाएं फेंक रहे हैं। तेज धूप के चलते दोपहर को बाजार और सड़कों पर
सन्नाटा पसरा रहता है।
तेज धूप और गर्मी से जहां लोगों का हाल
बेहाल है, वहीं बिजली कटौती आग में घी डालने का काम कर रही है। रविवार को
पूरे दिन बिजली गुल रही।
इससे लोग गर्मी से बेहाल रहे। पंखे और
कूलर न चलने से लोग गर्मी से बिलबिलाते रहे। सुबह चार बजे से अपराह्न तीन
बजे तक बिजली कटौती होने से इनवर्टर भी जवाब दे गए। गर्मी से परेशान लोगों
में बिजली विभाग के प्रति खासा गुस्सा दिखाई दिया।