महोबा। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत जिले की 80 ग्राम पंचायतों से आठ हजार नमूने लेकर मृदा का परीक्षण किया जाएगा। परीक्षण के दौरान मिट्टी की सेहत व गुणवत्ता परखी जाएगी।
इसके बाद किसानों को मृदा की जांच रिपोर्ट के अनुसार कृषि कार्य के लिए जागरूक किया जाएगा। कृषि विभाग की ओर से जिले के कबरई, जैतपुर, पनवाड़ी व चरखारी ब्लॉक की 20-20 ग्राम पंचायतों से मिट्टी के नमूने लिए जाएंगे। इस तरह 80 ग्राम पंचायतों से कुल आठ हजार नमूने एकत्रित होंगे। इसके बाद शहर के राठ रोड स्थित उप कृषि निदेशक कार्यालय की मृदा परीक्षण प्रयोगशाला में मिट्टी के नमूनों की जांच होगी और किसानों को मृदा रिपोर्ट कार्ड जारी किए जाएंगे।
उप कृषि निदेशक डॉ. एकेएस यादव ने बताया कि उन्होंने ब्लॉक कबरई की सिजहरी गांव से मृदा का नमूना एकत्रित किया है। किसानों को कृषि भूमि की मृदा की जांच कराने के लिए जागरूक किया जा रहा है। ताकि, वह मृदा स्वास्थ्य कार्ड के अनुसार संतुलित रूप से खाद, उर्वरकों आदि का प्रयोग कर फसल का बेहतर उत्पादन कर सकें। मृदा का परीक्षण कराना किसानों को कई मायनों में फायदेमंद रहेगा। मृदा के नमूनों की जांच के लिए प्रयोगशाला में कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। जिले में आठ हजार नमूनों की जांच कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।