हमीरपुर। मुख्यालय स्थित जीआईसी के 10वीं कक्षा के छात्र के पिता ने सदर कोतवाली में सोमवार को तहरीर दी है। इसमें उन्होंने प्रधानाचार्य पर बेटे को बर्बरता पूर्वक पीटने का आरोप लगाया है। पिटाई से बेटे के कान व सिर में चोटें आने की बात कह कानपुर में इलाज करवाने की मांग की है। इसके साथ ही भविष्य में कोई परेशानी होने पर प्रधानाचार्य की जिम्मेदारी होने की बात कही है।
मुख्यालय के रमेड़ी डांडा मोहल्ला निवासी राजेश कुमार ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उसका बेटा शनिवार को वह स्कूल गया था और घंटा खाली होने पर हॉल में अन्य बच्चों के साथ खेलने लगा। तभी, वहां प्रधानाचार्य आरके प्रजापति आए, उन्हें देख सभी बच्चे वहां से भाग गए। आरोप है कि प्रधानाचार्य ने सवा दस से साढ़े दस बजे के बीच बेटे को हॉल में बुलाया और पांच तमाचे मारे। साथ ही उसका सिर मेज पर पटक दिया और पीठ में घूंसे मारे। इससे बेटे को अंदरूनी चोटें आईं और वह दर्द से कराह उठा। कान के इलाज के लिए वह ईएनटी के पास गए। उन्होंने पर्दे की जांच की बात कह सोमवार को बुलाया। उन्होंने कानपुर में कान के विशेषज्ञ से इलाज कराने, सिर का सीटी आदि कराने की मांग की।
प्रधानाचार्य आरके प्रजापति ने बताया कि शनिवार को पीसीएस परीक्षा को लेकर हॉल में सीटिंग प्लान तैयार किया गया। वहां बच्चे पानी की बोतल को फुटबाल की तरह खेल रहे थे। इस पर उन्होंने सभी बच्चों को एक-एक थप्पड़ मारा। अनुशासित रहने की सीख दी। बाद में राजेश कुमार ने बेटे को अधिक चोट होने की बात उनसे कही। तब उन्होंने उनसे व्यस्तता बता इलाज कराने की बात कही।