मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का कार्यक्रम तय हो जाने के बाद जिले के अफसरों ने चरखारी में डेरा जमा कर हेलीपैड स्थल का जायजा लिया। साथ ही एक और हेलीपैड का कार्य शुरू कराया। सीएम के कार्यक्रम को लेकर अधिकारियों की भागदौड़ तेज हो गई है।
मुख्यमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट में शामिल चरखारी के तालाबों को देखने मुख्यमंत्री चार जून को हेलीकाप्टर से आएंगे। सीएम के कार्यक्रम को लेकर अधिकारियों ने हेलीपैड के अधूरे पड़े कार्य को पूर्ण कराया साथ ही मुख्य सचिव के हेलीकाप्टर से आने का कार्यक्रम तय होने के बाद गुरुवार से एक और हेलीपैड निर्माण का कार्य शुरू करा दिया है। जिलाधिकारी वीरेश्वर सिंह, पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह, उपजिलाधिकारी प्रबुद्ध सिंह और सिंचाई विभाग के अधीक्षण अभियंता विनय कुमार श्रीवास्तव ने चरखारी के तालाबों का औचक निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री के आने से पहले तालाब खुदाई का कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। अधिकारियों की टीम ने मलखान सागर, रपट तलैया, जय सागर, कोठीताल, रायनपुर सागर सहित सभी तालाबों की खुदाई का जायजा लिया। इससे पहले जिलाधिकारी ने अधिकारियों के साथ बैठक कर मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से पहले बेहतर व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारी में खरा उतरने की बात कही। उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को तालाब खुदाई में विशेष रुचि लेकर जल्द से जल्द काम पूरा कराने का निर्देश दिए।