महोबा। जिले में पथरी के मरीज बढ़ रहे हैं। जिला अस्पताल में प्रतिदिन पांच से 10 मरीज आ रहे हैं। जिनकी जांच में पथरी निकल रही है। कम पानी पीने से यह समस्या हो रही है। खारा पानी पीने की वजह से पथरी होने की आशंका अधिक बढ़ रही है।
जिला अस्पताल की ओपीडी में प्रतिदिन पांच से अधिक मरीज पथरी की समस्या लेकर पहुंच रहे हैं। डॉ. राजेश कुमार भट्ट का कहना है कि कम पानी पीने की आदत व शरीर में पानी की कमी (डिहाइड्रेशन) इसके प्रमुख कारण बन रहे हैं। गर्मी बढ़ने के साथ ही लोगों में पानी कम पीने की प्रवृत्ति और ज्यादा पसीना निकलने से शरीर में तरल पदार्थों की कमी हो जाती है, इससे किडनी में पथरी बनने का खतरा बढ़ जाता है। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में जागरुकता की कमी के चलते लोग समय पर इलाज नहीं करा पाते। इससे समस्या गंभीर हो जाती है। शुरुआती लक्षणों में पेट या कमर के निचले हिस्से में तेज दर्द, पेशाब में जलन, बार-बार पेशाब आना व कभी-कभी खून आना शामिल हैं। ऐसे लक्षण दिखने पर तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लेना जरूरी है। समय रहते सावधानी बरतकर और पर्याप्त पानी पीकर पथरी जैसी समस्या से काफी हद तक बचा जा सकता है।
चिकित्सकों की सलाह
-दिनभर में कम से कम तीन से चार लीटर पानी पीएं।
-ज्यादा नमक और तला-भुना भोजन कम करें।
-नियमित रूप से व्यायाम करें।
-पेशाब रोककर न रखें, बाहर निकलते समय पानी साथ रखें।