महोबा। जिले की महत्वपूर्ण सड़के अब जल्द ही नए लुक में नजर आएंगी। सड़कों के साथ ही भूमिगत बिजली की लाइन और पानी की लाइन डाली जाएंगी। योजना के मंजूरी मिलने के बाद बिजली के खंभों से तार नजर नहीं आएंगे साथ ही जल निगम सड़क के दोनों तरफ से पानी की पाइप लाइन बिछाएगा। इसका स्टीमेट बनाकर शुक्रवार को शासन को भेज दिया गया है।
मुख्यमंत्री सड़क विकास योजना के तहत अब शहर में करीब 14 नई सड़कें सीसी रोड में तब्दील होंगी, साथ ही भूमिगत बिजली लाइन भी सड़क बनने से पहले बिछाई जाएगी। इस कार्य को अंजाम देने के लिए लोक निर्माण विभाग, जल निगम और बिजली विभाग को लगाया गया है। तीनों विभागों ने संयुक्त रुप से स्टीमेट तैयार कराकर जिलाधिकारी के माध्यम से शासन को भेज दिया गया है। गौरतलब है कि पूर्व में शहर की आधा दर्जन सीसी सड़कों के निर्माण और अंडरग्राउंड व सड़क के दोनों तरफ पाइप लाइन बिछाए जाने के लिए प्रस्ताव भेजा गया था। अब शहर की आठ और नई सड़कों का स्टीमेट बनाकर शासन को भेज दिया है, जिससे अब जल्द ही हवेली दरवाजा से गैस एजेंसी तक, रामकथा मार्ग, सुभाष चौक से मिशन और मिशन चौराहा व कीरत सागर तिराहा तक एवं सुभाष चौकी से शेखनपुरा होते हुए राठ चुंगी तक सहित 14 सड़कें अब जल्द ही नए लुक में नजर आएंगी।