महोबा। शहर के व्यस्ततम चौराहा आल्हा चौक पर शुक्रवार को दिनदहाड़े दो बदमाश महिला के गले से सोने की चेन व हैंडबैग छीनकर फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल पहुंच जांच की लेकिन बदमाशों का सुराग नहीं लग सका।
शहर के सुभाष नगर निवासी गुलाब सिंह की पत्नी मंजू सिंह दोपहर के समय बाजार गई थी। लौटते समय वह आल्हा चौक के पास खड़े होकर ई-रिक्शा का इंतजार करने लगी, तभी बाइक से दो युवक वहां आए। एक युवक ने झपट्टा मारकर बैग व गले में पड़ी सोने की चेन छीनकर भाग निकले।
पीड़िता ने बताया कि बैग में 12 हजार रुपये व मोबाइल रखा था। कोतवाली प्रभारी बलराम सिंह का कहना है कि महिला से जानकारी ली जा रही है। चौराहे पर लगे सीसीटीवी कैमरों में फुटेज चेक कराए जा रहे हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।