महोबा। दो दिन से पेयजल संकट से जूझ रहे शहरवासियों के लिए राहत भरी खबर है। क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत कराकर टंकियों में पानी भर दिया गया है। मंगलवार से डेढ़ लाख की आबादी को पेयजल आपूर्ति दी जाएगी।
महोबा पेयजल पुनर्गठन योजना के तहत यूपी-एमपी की सीमा पर स्थित उर्मिल बांध से पानी लाकर शहरवासियों को पेयजल आपूर्ति दी जाती है। इसके लिए कस्बा श्रीनगर में जलशोधन प्लांट बनाया गया है। दो दिन पहले महोबा-नौगांव मार्ग पर अतरारमाफ गांव के पास मुख्य पाइपलाइन टूट गई थी।
इससे दो दिन तक शहर की पेयजल आपूर्ति ठप रही। पेयजल आपूर्ति उपलब्ध कराने का काम देख रही निजी कंपनी की ओर से मजदूरों व कर्मचारियों को लगाकर क्षतिग्रस्त पाइपलाइन को दुरुस्त करा दिया गया है।
इसके साथ ही शहर की पानी की टंकियां भी भर दी गई हैं। अब मंगलवार से शहर में पेयजल आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी। उधर, निजी कंपनी के प्रबंधक शैलेष सिंह का कहना है कि मुख्य पाइपलाइन टूटने से पानी की सप्लाई नहीं हो पा रही थी। जिसे ठीक करा दिया गया है। अब शहरवासियों को पेयजल आपूर्ति दी जाएगी।