महोबा। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद के विद्यार्थियों की नामावली अब 22 अक्तूबर तक डीआईओएस कार्यालय में जमा होगी। यूपी बोर्ड की ओर से तिथि का विस्तार किया गया है। साथ ही प्रधानाचार्यों को समय से प्रक्रिया पूरी कराने के निर्देश दिए हैं।
यूपी बोर्ड से जुड़े तमाम विद्यालयों ने शैक्षिक सत्र 2026-27 के कक्षा नौवीं व 11वीं के अग्रिम पंजीकरण और कक्षा दसवीं व 12वीं के परीक्षा आवेदन से संबंधित अभ्यर्थियों की नामावली डाउनलोड नहीं की है। पूर्व निर्धारित समय सारिणी के अनुसार अभ्यर्थियों की फोटोयुक्त नामावली, कोष पत्र की प्रति समेत क्षेत्रीय कार्यालय को भेजने के लिए 15 अक्तूबर तक डीआईओएस कार्यालय में जमा कराना था। ऐसे में यूपी बोर्ड के सचिव भगवती सिंह ने अभ्यर्थियों से संबंधित नामावली डाउनलोड कर डीआईओएस कार्यालय में जमा करने के लिए अंतिम तिथि 22 अक्तूबर तक बढ़ा दी है। सचिव ने संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को विस्तारित समय में प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए हैं।