महोबा। विश्व पर्यटन नगरी खजुराहो से महोबा होते हुए राजधानी लखनऊ तक ट्रेन का संचालन किए जाने का मुद्दा विधान परिषद सदन में गूंजा। जनपद के चरखारी निवासी एमएलसी जितेंद्र सिंह सेंगर ने यह मुद्दा प्रमुखता से उठाया और खजुराहो-महोबा-लखनऊ ट्रेन संचालित किए जाने की मांग की।
एमएलसी ने नियम 110 के तहत यह मुद्दा सदन में उठाया। कहा कि बुंदेलखंड का जनपद महोबा विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल खजुराहो से 60 किमी की दूरी पर स्थित है। बुंदेलखंड के विकास के लिए खजुराहो से महोबा, रागौल, सुमेरपुर, कानपुर होते हुए लखनऊ को जोड़ने के लिए एक ट्रेन अप और डाउन प्रतिदिन चलाए जाने की आवश्यकता है। इससे एक ओर पर्यटक सुगमता से राजधानी लखनऊ आते हुए अयोध्या, वाराणसी, गोरखपुर, मथुरा व नई दिल्ली से कनेक्ट हो जाएंगे। वहीं बुंदेलखंड के लोगों को कानपुर और लखनऊ स्थित सरकारी अस्पतालों में अपना इलाज व छात्र-छात्राएं उच्च शिक्षा प्राप्त कर सकेंगे।