राष्ट्रीय एकीकरण विभाग के सचिव अशोक कुमार ने तहसील महोबा, बीएसए
कार्यालय और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चरखारी का निरीक्षण किया। निरीक्षण
के दौरान कार्यालयों के रजिस्टर और पत्रावलियां खंगाली गई। सचिव के
निरीक्षण से कार्यालयों में खलबली मची रही।
जिले में सूखे के हालात देखने आए सचिव ने बीएसए कार्यालय और तहसील का निरीक्षण किया। शनिवार को बीएसए कार्यालय के निरीक्षण के दौरान कार्यालय में साफ - सफाई मिली। कार्यालय में मैट के साथ रास्ते में कलई पड़ी मिली। निरीक्षण के दौरान सभी कर्मी मौजूद मिले। तहसील पर निरीक्षण के दौरान सचिव ने संग्रह अमीन अनुभाग, तहसीलदार कार्यालय, एसडीएम कार्यालय और नायब तहसीलदार कार्यालय जाकर रजिस्टर देखे। वसूली काफी धीमी पाए जाने पर उन्होंने संग्रह अमीनों को वसूली का लक्ष्य बढ़ाने के निर्देश दिए। बीएसए कार्यालय में उन्होंने पत्रावलियां और रजिस्टर खंगाले। कार्यालय में साफ सफाई होने पर उन्होंने संतोष जताया। निरीक्षण के दौरान एडीएम संतोष कुमार राय, एसडीएम एसपी सिंह, तहसीलदार, बीएसए रामेश्वर प्रसाद, खंड शिक्षा अधिकारी आनंद कुंवर मौजूद रहे।
प्रसूता को डिस्चार्ज करने पर सचिव नाराज
चरखारी महोबा। सचिव अशोक कुमार ने शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चरखारी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एक महिला को प्रसव के एक घंटे बाद डिस्चार्ज करने की शिकायत पर सचिव ने मामले की जांच कराकर संबंधित डाक्टर और नर्स के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। सचिव ने बताया कि डिलेवरी वाली महिला को 48 घंटे रोकना चाहिए। उन्होंने कहा कि डाक्टर जिस मरीज का इलाज करें उसके पर्चे में अपना नाम और रजिस्टर में उसका मोबाइल नंबर लिखे। ग्राम अस्थौन निवासी अंजु पत्नी हरिकिशन अहिरवार को डिलेवरी की एक घंटे बाद डाक्टर एकता बरसैइया, नर्स नेहा ने डिस्चार्ज कर दिया था। नागरिकों ने अस्पताल में बाल रोग और नेत्र विशेषज्ञ न होने की शिकायत की जिस पर सचिव ने कहा कि दो दिन यहां पर इन डाक्टरोें की ड्यूटी लगवाई जाएगी। इस मौके पर उप जिलाधिकारी ओमवीर सिंह यदुवंशी, डिप्टी सीएमओ बालचंद्र, डा. मधुसूधन शुक्ला, अधीक्षक डा. विनोद कुमार, डा. आंनद राजपूत मौजूद रहे।