फोटो 09 एमएएचपी 10 परिचय-गमछा डालकर तेज धूप से बचाव कर निकलते बच्चे।
महोबा। बुंदेलखंड की पठारी धरती पर बारिश और ठंडी हवाओं से मिली राहत अब खत्म होने वाली है। शनिवार को आसमान पूरी तरह साफ रहा। इससे गर्मी का असर देखने को मिला। इस दौरान अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोपहर के समय तीखी धूप ने लोगों को बेहाल कर रखा। माैसम वैज्ञानिक के अनुसार आगामी दिनों में गर्मी अपना प्रचंड रूप दिखा सकती है।
शनिवार को सुबह के समय मौसम सामान्य रहा लेकिन 10 बजे के बाद धूप तेज हो गई। इससे गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया। दोपहर के समय आसमान से आग बरसने लगी। इससे लोग पसीना-पसीना होते रहे। हालांकि शाम के समय मौसम सामान्य हो गया। इस दौरान अधिकतम तापमान 39 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। वहीं आर्द्रता 30 फीसदी व हवाओं की रफ्तार 11 किमी प्रति घंटा दर्ज की गई।
कृषि विज्ञान केंद्र बेलाताल के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. रजनीश मिश्रा का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के चलते बारिश और तेज हवा ने मौसम को खुशगवार कर दिया था। अब पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव कमजोर पड़ते लगा है। ऐसे में गर्म हवाएं फिर से सक्रिय हो जाएंगी। इसके चलते दिन के तापमान में तेजी से बढ़ोतरी होगी और गर्मी का असर दोबारा से तेज महसूस किया जाएगा। आगामी दिनों में गर्मी अपना प्रचंड रूप दिखा सकती है।