महोबा। खरेला नगर पंचायत क्षेत्र में वर्षों से गरीबों का राशन डकारने वाले अपात्रों की पोल जांच में खुलने लगी है। तीन टीमों द्वारा दर्जन भर मोहल्लों में की गई जांच में चार दर्जन से अधिक ऐसे लोग मिले जो पक्के मकान व जमीन वाले है लेकिन राशन कार्ड गरीबी रेखा से नीचे का बनवाए थे। इतना ही नही पांच मृत हो चुके कार्ड धारकों का राशन भी प्रतिमाह हजम किया जाता रहा। ऐसे लोगों पर अब कार्रवाई होना तय है।
एसडीएम के निर्देश पर राजस्व और नगर पंचायत कर्मियों की संयुक्त तीन टीमों का गठन किया गया था। जांच टीमों ने करीब ढाई सौ से अधिक गरीबी रेखा के कार्ड धारकों का सत्यापन किया। जांच टीम को नगर के मोहल्ला हले, राय सिंह, डिगुराय, स्वामीदास और मानिक में करीब चार दर्जन से अधिक ऐसे लोग मिले जो अवैध तरीके से गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने का कार्ड बनवाए थे।
जांच टीम में शामिल कानूनगो इंद्रपाल, लेखपाल जयप्रकाश और गोकरन ने बताया कि सत्यापन में मिले अपात्रों की सूची तैयार कर एसडीएम को सौंपी जाएगी। उपजिलाधिकारी ने बताया कि मामला बेहद गंभीर है। पहली बार राहत पैकेट वितरण दौरान खेरला मंडी मेें अपात्रों का मामला संज्ञान में आया था। जिसके आधार पर जांच कराई जा रही है। ऐसे लोगों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।