महोबा। शहर के आल्हा चौक स्थित आंबेडकर पार्क में विश्व दिव्यांग दिवस के उपलक्ष्य में बृहस्पतिवार को बैठक हुई। जिसमें विभिन्न संगठनों ने एकजुट होकर दिव्यांग महागठबंधन बनाया। बैठक में दिव्यांगों और विधवाओं की समस्याओं का मुद्दा प्रमुखता सेे उठाया गया। दिव्यांगों ने कहा कि 27 सूत्री मांगें पूरी न होने पर महागठबंधन आरपार की लड़ाई लड़ेगा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि दिव्यांग महागठबंधन के महासचिव वीरेंद्र कुमार ने कहा कि वह कई वर्षों से दिव्यांगों की लड़ाई के लिए प्रयासरत हैं। दिव्यांग कल्याण समिति के प्रदेश अध्यक्ष मुकेश भारती ने दिव्यांग व विधवा वृद्ध की पेंशन पांच हजार रुपये किए जाने, एक लाख से बढ़ाकर दो लाख रुपये ब्याज रहित ऋण दिए जाने, रेलवे जंक्शन से रेलवे पास बनाए जाए, दिव्यांग विधवाओं के अंत्योदय कार्ड बनाए जाए और बिजली व पानी के बिल माफ किए जाने आदि की मांग की। इस दौरान गोल्डी कुशवाहा, महेश तूफानी और बाबूलाल मस्ताना ने सांस्कृतिक गीत की प्रस्तुति दीं। इस मौके पर जीतेंद्र मिश्रा, सुरेश, इरशाद हुसैन आदि मौजूद रहे।