महोबा। प्रदेश सरकार के सेवा, सुरक्षा व सुशासन नीति के आठ वर्ष व केंद्र सरकार के दस वर्ष पूरे होने पर यूपी भारत का ग्रोथ इंजन थीम पर शहर के कम्यूनिटी गार्डन में तीन दिवसीय कार्यक्रम मंगलवार से शुरू हुए। प्रदेश सरकार के नगर विकास मंत्री व जिले के प्रभारी मंत्री राकेश कुमार राठौर ने सरकार की योजनाओं से संबंधित प्रदर्शनी का फीता काटकर शुभारंभ किया और स्टालों काे देखा।
प्रभारी मंत्री ने उत्तर प्रदेश के उपयोगी आठ वर्ष की विकास पुस्तिका का विमोचन किया। कहा कि बुंदेलखंड, प्रदेश व देश में सबका साथ सबका विकास सबका विश्वास को लेकर प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री ने जो विकास कार्य धरातल पर किए हैं, इसके पहले कोई भी सरकार ने नहीं किए। प्रभारी मंत्री ने किसानों को कृषि यंत्र व ट्रैक्टर वितरित किए। दिव्यांग पेंशन स्वीकृति पत्र, दिव्यांग बच्चों को किट, मुद्रा योजना व मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत लाभार्थियों को चेक वितरित किए। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष मोहनलाल कुशवाहा, जिला पंचायत अध्यक्ष जेपी अनुरागी, पालिकाध्यक्ष संतोष चौरसिया, ब्लॉक प्रमुख कबरई अवनींद्र सिंह, डीएम मृदुल चौधरी, एसपी पलाश बंशल, सीडीओ हरेंद्र सिंह, एडीएम नमामि गंगे मोईनुल इस्लाम, एएसपी वंदना सिंह आदि मौजूद रहे।
सर्विलांस से बरामद 100 मोबाइल उनके मालिकों को सौंपे
महोबा। जिले के प्रभारी मंत्री ने सर्विलांस टीम की ओर से बरामद किए 20 लाख कीमत के 100 मोबाइल फोन उनके स्वामियों को सौंपे। इस दौरान बताया गया कि एक जनवरी 2017 से 20 मार्च 2025 तक परिवार परामर्श के दौरान कुल 882 शिकायतें प्राप्त हुईं। 597 मामलों में पति-पत्नी के बीच समझौता कराया गया। शेष 285 मामलों में विधिक कार्यवाही चल रही है। वर्ष 2020 से अबतक साइबर पीडि़तों के कुल 26 लाख 16,739 रुपये वापस कराए गए।