मुरादाबाद अस्पताल में खड़ा बैंड
- फोटो : अमर उजाला
शहर के एक गेस्ट हाउस में जयमाल की तैयारी चल रही थी कि दूल्हे पक्ष के लोगों ने महंगी कार की डिमांड कर दी। शादी तोड़ने की धमकी पर बात बढ़ी तो लड़की पक्ष के लोगों के साथ मारपीट शुरू कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस मामला निपटा रही थी, तभी लड़की ने दहेज लोभियों के यहां शादी से इंकार करके बारात लौटा दी। लड़की के घरवालों ने थाने में तहरीर देकर तिलक में दी गई रकम वापस दिलाने की मांग की है।
शहर के मोहल्ला गांधीनगर बजरंग वार्ड निवासी गुड्डी पत्नी हरिशंकर ने अपनी पुत्री किरन की शादी मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के मोहल्ला छत्रसाल नगर निवासी घनश्याम अनुरागी के साथ तय की थी। वर पक्ष ने तिलक में पांच लाख रुपये और शादी में आल्टो कार मांगी थी। बुधवार शाम टीका आदि की रस्म पूरी होने के बाद जयमाल की तैयारी चल रही थी। इसी बीच दूल्हा पक्ष के लोगों ने दहेज के लिए आई आल्टो कार देखी तो भड़क गए। उन्होंने स्विफ्ट कार की मांग कर दी।
कहासुनी होने पर वधू पक्ष के लोगों के साथ मारपीट कर दी। इससे बबलू, अरविंद, वीरेंद्र आदि घायल हो गए।
सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्ष के लोगों को कोतवाली ले गई। पुलिस ने वहां समझाने का प्रयास किया। इसी बीच लड़की ने कहा- वह दहेज लोभियों के यहां शादी नहीं करेगी और बारात लौटा दी। लड़की की मां गुड्डी ने कोतवाली में तहरीर देकर तिलक में दिया गया पांच लाख रुपया वापस कराने की मांग की। कोतवाली प्रभारी केपी सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। घायलों की डाक्टरी कराई गई है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।