महोबा। थाना महोबकंठ के एक गांव में युवती को डरा धमकाकर लगातार शारीरिक शोषण करने और उसके गर्भवती होने पर जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी में दबिश दे रही है।
एक गांव निवासी 20 वर्षीय युवती से युवक ने छह माह पहले दुष्कर्म किया था। इसके बाद वह लगातार धमकी देकर गलत काम करता रहा। युवती के गभर्वती होने पर दो दिन पहले परिजनों को जानकारी हुई। तब युवती ने पूरा मामला बताया। शनिवार को आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर परिजनों ने युवती के साथ एसपी अपर्णा गुप्ता की चौखट पहुंच न्याय की गुहार लगाई थी। एसपी के आदेश पर रविवार को थाना महोबकंठ में आरोपी बृजपाल के खिलाफ दुष्कर्म व धमकी का मुकदमा दर्ज किया गया है। थानाध्यक्ष राकेश कुमार राय का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।