फोटो 27 एमएएचपी 20 परिचय-भूसा, लकड़ी में लगी आग बुझाने का प्रयास करते ग्रामीण। संवाद
अजनर (महोबा)। कस्बा अजनर के मेला मैदान के पास एक खेत में लगी आग घर तक पहुंच गई। घर के पीछे बना छप्पर और अन्य सामान जलने पर लोगों ने फायर ब्रिगेड को सूचना देते हुए आग पर काबू पाने का प्रयास किया। दो घंटे की मशक्कत के बाद आग बुझ सकी लेकिन तब तक हजारों का नुकसान हो गया।
मेला मैदान के पास स्थित एक खेत में सोमवार की दोपहर अचानक आग लग गई। आग की लपटें खेत में पड़ी पराली को जलाते हुए अजनर निवासी बिंदु के घर के पीछे जा पहुंची और वहां बने छप्पर से लपटें निकलने लगीं। आग की लपटें देख ग्रामीणों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया। बाद में पहुंचे दमकलकर्मियों ने आग बुझाई। पीड़ित ने बताया कि आग की घटना में करीब पांच क्विंटल गेहूं, बर्तन, चार ट्रॉली लकड़ी, 50 पाइप व भूसा जलकर बर्बाद हो गया। पीड़ित ने पुलिस और राजस्व विभाग को सूचना देकर घटना में क्षति का आकलन कराकर सहायता दिलाए जाने की मांग की है।