अनशनस्थल पर जूस पिलाकर अनशन समाप्त कराते तहसीलदार
- फोटो : MAHOBA
महोबा। हवेली दरवाजा शहीद स्थल मैदान में स्मारक बनवाने की मांग को लेकर गांधी जयंती पर बुंदेली समाज के संयोजक तारा पाटकर द्वारा अन्न जल त्यागकर शुरू किया गया अनशन अधिकारियों के लिखित आश्वासन पर गुरुवार को समाप्त हो गया। तहसीलदार ने जूूस पिलाकर अनशन समाप्त कराया। पालिका प्रशासन ने तीन माह के अंदर स्मारक बनाने की कार्रवाई किए जाने का लिखित आश्वासन दिया है।
गौरतलब है कि शहर के हवेली दरवाजा मैदान में वर्ष 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में अंग्रेजी हुकूमत द्वारा 16 क्रांतिकारियों को फांसी की सजा दी गई थी। वर्तमान में शहीद स्थल कूड़ाघर में तब्दील हो गया है। यहां पर स्मारक बनाए जाने की मांग लंबे समय से चली आ रही है। पालिका प्रशासन ने बोर्ड की बैठक में शहीद स्थल के निर्माण को लेकर हरी झंडी दी थी लेकिन कई माह बीत जाने के बाद भी निर्माण शुरू न होने पर बुंदेली समाज के संयोजक तारा पाटकर ने 2 अक्तूबर से शहर के आल्हा चौक में अन्न जल त्यागकर सत्याग्रह शुरू किया था।
महात्मा गांधी की वेशभूषा में भूख हड़ताल कर रहे तारा पाटकर ने मांग पूरी न होने तक अनशन जारी रखने की चेतावनी दी थी। गुरुवार की दोपहर तहसीलदार बालकृष्ण, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी लालचंद्र सरोज व कोतवाली प्रभारी विपिन कुमार त्रिवेदी अनशन स्थल पहुंच गए और शीघ्र निर्माण कराने का भरोसा दिया लेकिन तारा पाटकर लिखित आश्वासन की मांग पर अड़े रहे। बाद में पालिका ईओ ने भूमि की पैमाइश कराकर मामले का निस्तारण कराकर तीन माह के अंदर स्मारक निर्माण की कार्रवाई शुरू कराने का भरोसा दिया। जिसके बाद तहसीलदार ने जूस पिलाकर अनशन समाप्त कराया।