महोबा। जिले में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस मौके पर शिक्षण संस्थानों, सरकारी और गैर सरकारी कार्यालयों, प्रतिष्ठानों में ध्वजारोहण कर गांधी जी के बताए रास्ते पर चलने का आह्वान किया।
गांधी जयंती पर विद्यालयों में पूरे दिन रघुपति राघव राजा राम पतित के पावन सीता राम की गूंज गूंजती रही। विद्यालयों में स्कूली बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम और नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किए गए। बुंदेली समाज ले 31 नन्हें गांधी की शक्ल में ऊदल चौक से अनाथालय तक प्रभात फेरी निकाली। सुबह साढ़े छह बजे राजकीय मकुंदलाल इंटर कालेज, राजकीय बालिका इंटर कालेज, सरस्वती विद्या मंदिर, साईं इंटर कालेज के अलावा कन्या पूर्व माध्यमिक विद्यालय नैकानापुरा, पूर्व माध्यमिक विद्यालय मलकपुरा, संत साहू स्कूल सहित तमाम सरकार और प्राइवेट शिक्षण संस्थाओं के बच्चों ने शहर में रैली निकाली। कलेक्ट्रेक्ट में जिलाधिकारी वीरेश्वर सिंह, तहसील में उपजिलाधिकारी ने ध्वजारोहण किया। वीरभूमि महाविद्यालय में प्राचार्य डा. उमाशंकर त्रिपाठी ने मां सरस्वती, शहीद स्थल, महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण किया। श्री गांधी विद्यालय बजरिया में छात्र छात्राओं द्वारा सुबह साढ़े छह बजे प्रभातफेरी निकाली गई। नौ बजे विद्यालय के संस्थापक गिरधारीलाल द्वारा झंडारोहण कर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण किया गया। सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज में प्रधानाचार्य विपिन बिहारी द्विवेदी ने, शेर माता कान्वेंट जूनियर हाईस्कूल नयापुरा में प्रधानाचार्य डा. विनीत बाजपेई, चंद्रकुवर तिवारी पब्लिक स्कूल मुख्य अतिथि रामदत्त तिवारी, बचपन प्ले स्कूल में प्रबंधक आशीष श्रीवास्तव, दारुल उलूम समदिया मकनियापुरा महोबा के प्रबंधक नूर मोहम्मद अंसारी ने, ऊषा कंप्यूटर सेंटर मे प्रबंधक पुष्पेंद्र अरजरिया ने ध्वजारोहण किया। राजकीय मकुंदलाल तिवारी इंटर कालेज में प्रात: साढ़े छह बजे प्रभातफेरी निकाली गई जो पुलिस लाइन होकर पुन: कालेज में समाप्त हुई। प्रधानाचार्य प्रेमचंद्र अनुरागी ने ध्वजारोहण के बाद एनएसएस के छात्रों द्वारा रामनगर मोहल्ले में सफाई कर श्रमदान किया। दानिश पब्लिक स्कूल में प्रबंधक एआर खान ने ध्वजारोहण किया। चरखारी प्रतिनिधि के अनुसार जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में प्राचार्य संतोष कुमार सक्सेना, सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज चरखारी में प्रबंधक जीतेंद्र सिंह सेंगर ने ध्वजारोहण कर गांधी जी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण किया गया। गंगा सिंह इंटर कालेज, राजकीय महिला पालीटेक्निक, आईटीआई चरखारी अन्य विद्यालयों में भी ध्वजारोहण किया गया। खरेला प्रतिनिधि के अनुसार थाना खरेला में थानाध्यक्ष केपी सिंह ने, केपीआई में प्रधानाचार्य डा. अशोक कुमार, बाबू रामेश्वर डिग्री कालेज में प्राचार्य रामबाबू सिंह, गोकुल प्रसाद बालिका इंटर कालेज में प्रधानाचार्य ऊषा परासर, नगर पंचायत खरेला में अध्यक्ष सिद्ध गोपाल अहिरवार ने ध्वजारोहण किया।