श्रीनगर (महोबा)। थाना क्षेत्र के ग्राम इमिलिया में बिजली के खंभे में लगा अर्थिंग का तार छू लेने से एक ग्रामीण की करंट लगने से मौत हो गई। गांव में दहशत है। आसपास भगदड़ मच गई। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत जिलाधिकारी से कर लापरवाह अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम इमिलिया निवासी कल्लू यादव (40) पुत्र रमेश यादव रविवार को घर से शौच के लिए जा रहा था, तभी उसने रास्ते में बिजली के खंभे में लगे अर्थिंग के तार को छू लिया। इससे उसे जोर का करंट लगा और वह वहीं गिर गया। करंट लगने के कारण आसपास के लोग उसे बचाने के बजाय दूर भाग गए और शोर मचाने लगे। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण एकजुट हो गए, लेकिन किसी ने उसे बचाने की कोशिश नहीं की।
थोड़ी देर बाद उसका चचेरा भाई संतोष यादव पहुंच गया और उसने उसे जैसे ही हाथ से पकड़कर खींचना चाहा उसे भी जोर का करंट लगा। बाद में उसने तोलिया के सहारे भाई को खींचकर दूर किया औैर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र श्रीनगर लाया। जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वह अपने पीछे बच्चे खुशबू (9), रुचि (6) और अभियांश (3) को छोड़ गया है। ग्रामीण की मौत से मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।