कुलपहाड़ (महोबा)। जिले में कड़ाके की ठंड और शीतलहर ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। ठंड की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई। दिन में निकली धूप से भी खास राहत नहीं मिली। ठंड से लोगों का बुरा हाल है।
पिछले एक सप्ताह से पड़ रही कड़ाके की ठंड से जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। सर्दी से लोगों का बुरा हाल है। जिला अस्पताल सर्दी से पीड़ित मरीजों की संख्या बढ़ रही है।
कड़ाके की ठंड ने आम आदमी को हिलाकर रख दिया है। ठंड और कोहरे से लोग खासा परेशान हैं। कुलपहाड़ प्रतिनिधि के अनुसार कस्बा कुलपहाड़ के लोहिया नगर निवासी खेमचंद्र 55 पुत्र मिही लाल चौकीदारी का काम करता था। रात को ठंड लगने से उसे जिला अस्पताल ले गए।
बाद में उसे मेडिकल कालेज झांसी के लिए रेफर कर दिया, रास्ते में मऊरानीपुर के पास उसकी मौत हो गई। इसी कस्बे के हटवारा निवासी श्याम सिंह 45 पुत्र रामचरन शौच किया के लिए गया था। जहां पर उसकी ठंड लगने से मौत हो गई।
कोहरे ने थाम दी ट्रेनों की रफ्तार
कोहरे ने ट्रेनों की रफ्तार थाम दी है। ठंड के साथ छाए घने कोहरे से बसें और ट्रेनें देरी से पहुंची। संपर्क क्रांति चार घंटे, महाकौशल तीन, चंबल एक्सप्रेस तीन, बुंदेलखंड दो और उदयपुर इंटरसिटी तीन घंटा देरी से आईं जिससे यात्रियों को कड़ाके की ठंड में घंटो रेलवे स्टेशनों पर गाड़ियों के इंतजार में बैठना पड़ा। ट्रेनें देर से आने से यात्री परेशान रहे।