महोबा। केंद्रीय मंत्री निरंजन ज्योति ने कहा कि प्रदेश सरकार केंद्र सरकार के पैसे को बर्बाद कर रही है। अर्जुन सहायक परियोजना के लिए केंद्र सरकार से करोड़ों रुपये लेने के बाद भी आज तक परियोजना का कार्य पूरा नहीं किया। उन्होंने कहा कि सूखा राहत के लिए केंद्र सरकार द्वारा भेजे गए साढ़े नौ सौ करोड़ रुपये की राहत राशि किसानों को आज तक नहीं दी गई।
खाद्य एवं प्रसंस्करण मंत्री शनिवार को लोकनिर्माण विभाग के गेस्टहाउस में पत्रकारों से बातचीत कर रहीं थी। उन्होंने कहा कि 50 साल तक कांग्रेस सरकार ने देश के विकास के लिए कुछ नहीं किया। मोदी जी ने प्रधानमंत्री का पद संभालते ही हर आदमी का खाता खुलवाकर उन्हें बैंकिंग सुविधा से जोड़ा है।
उन्होंने कहा कि यूपीए सरकार योजना आयोग के भरोसे काम करती थी, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं योजनाओं को देखते हैं और कार्य करते हैं। एक सवाल के जवाब केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बिहार चुनाव की अलग स्थितियां थी और उत्तर प्रदेश की अलग स्थितियां हैं। 2017 के चुनाव में उत्तर प्रदेश सरकार को अपनी औकात पता चल जाएगी।
उन्होंने बताया कि इससे पूर्व अधिकारियों की ली गई बैठक में जिन किसानों द्वारा अर्जुन सहायक परियोजना के तहत भूमि नहीं दी जा रही उस स्थान पर नीचे से पाइप डालकर आगे नहर बनाए, जिससे अर्जुन सहायक परियोजना की अधूरी पड़ी नहरें पूरी हो सके। उन्होंने कहा कि जिले में पचास हजार हेक्टेयर में सब्जी की खेती करने के जिला उद्यान अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि जिले मेें बढ़ रही पानी की समस्या के निदान के लिए केंद्र को प्रस्ताव बनाकर भेजा जाएगा।