भारतीय स्टेट बैंक शाखा कुलपहाड़ में पैसे का लेनदेन करना बैंक उपभोक्ताआें के लिए मुसीबत का सबब बन गया है। बैंक में महिलाओं और पुरुषाें के लिए केवल एक काउंटर होने से उपभोक्ताओं को लेनदेन के लिए घंटों लाइन में लगना पड़ रहा है। काउंटर न बढ़ाए जाने से उपभोक्ताआें में खासी नाराजगी है।
गौरतलब है कि भारतीय स्टेट बैंक में उपभोक्ताओं की संख्या सर्वाधिक है। लेकिन बैंक द्वारा उपभोक्ताआें की सुविधा पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। हालत यह है कि पैसे निकालने और जमा करने के लिए उपभोक्ताआें को घंटों लाइन में लगना पड़ रहा है। बैंक में महिलाआें और वृद्धों के लिए अलग से कोई काउंटर न होने के कारण लोगों को लेनदेन के लिए लाइन में लगकर समय की बर्बादी करनी पड़ रही है। यही नहीं काउंटर पर मौजूद कर्मचारियाें द्वारा उपभोक्ताआें से कई बार अभद्रतापूर्ण व्यवहार किया जाता है। बैंक में पैसा निकालने आए अजय कुमार, सोनू, नारायन, रामरतन, शैलेंद्र, छत्रपाल, बलराम आदि ने बताया कि सुबह दस बजे से बैंक में लाइन में तीन घंटे लगने के बाद भी भुगतान नहीं हुआ है। समय पूरा होने से पहले ही बीच में बैंक कर्मचारी उठ जाते हैं और गपशप में मस्त हो जाते हैं। जबकि तमाम पुरुष, महिलाएं और वृद्ध घंटाें लाइन में लगकर उनका इंतजार करते रहते हैं। उधर बैंक के शाखा प्रबंधक सत्येंद्र कुमार का कहना है कि कर्मचारियों के ढुलमुल रवैये के चलते उन्हें कई बार हिदायत दी जा चुका है। लेकिन वह अपनी आदतों से मजबूर हैं। इस समस्या से फोन पर मुख्य महाप्रबंधक लखनऊ को भी अवगत कराया जा चुका है।