धरने पर बैठे हिंदू संगठन के कार्यकर्ता
- फोटो : MAHOBA
महोबा। शहर के मोहल्ला भीतरकोट में मनियादेव मंदिर के पास बना प्राचीन जीर्णशीर्ण शिव मठ सोमवार की रात ढह गया। हिंदू संगठनों ने मठ गिराने का आरोप लगाते हुए मठ परिसर पर धरना दिया। तनाव बढ़ता देख प्रशासन ने कई जिलों की पुलिस फोर्स बुला ली। मौके पर पहुंचे एडीएम रामसुरेश वर्मा, एसडीएम देवेंद्र सिंह, सीओ सिटी ने मौके पर पहुंचकर पुन: मठ का निर्माण कराए जाने का आश्वासन देकर मामला शांत कराया।
गौरतलब है कि डेढ़ माह पहले प्राचीन जीर्णशीर्ण मठ की हिंदू संगठनों द्वारा मरम्मत का कार्य कराया जा रहा था। जिस पर पुरातत्व विभाग ने रोक लगा दी थी। सोमवार की रात को अचानक मठ ढह जाने से हिंदू संगठनों में आक्रोश बढ़ गया। बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद ने मनिया देव मंदिर परिसर पहुंचकर जमकर हंगामा काटा। तनाव को देखते हुए श्रीनगर, कबरई, चरखारी और महोबा का पुलिस फोर्स बुला लिया गया। इस मौके पर भाजपा नेता नीरज रावत ने मरम्मत कराए जाते समय पुरातत्व विभाग द्वारा रोक लगाए जाने की बात कही। इस पर हिंदू संगठनों ने उनका समर्थन किया।
प्रशासनिक अधिकारियों ने मठ का पुन: निर्माण कराए जाने का आश्वासन देकर मामला शांत कराया। साथ ही पुरातत्व विभाग को मठ का निर्माण कराने के निर्देश दिए। इसके बाद हिंदू संगठन वापस गए। चार घंटे तक चले धरने के बाद मामला शांत हुआ। सीओ सदर जटाशंकर का कहना है कि शांति व्यवस्था कायम रखी जाएगी। माहौल नहीं बिगड़ने दिया जाएगा।