चरखारी/कुलपहाड़ (महोबा)। मंगलवार को आयोजित तहसील दिवस में कमिश्नर कल्पना अवस्थी ने अधिकारी को समस्याओं का प्राथमिकता से निस्तारण के निर्देश दिए। वहीं कुलपहाड़ तहसील में आयोजित जिला स्तरीय तहसील दिवस में बिजली पानी का मुद्दा छाया रहा, ग्रामीणों द्वारा कोटेदारों की धांधली की शिकायत पर जिलाधिकारी ने एसडीओ को मामले की जांच कराकर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
चरखारी में कमिश्नर की अध्यक्षता में आयोजित तहसील दिवस में कुल 22 शिकायतें आई, जिनका कमिश्नर ने जल्द से जल्द निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फरियादियों की समस्याओं को अधिकारी प्राथमिकता से निपटाएं , इसमें किसी तरह ही लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सिजौरा निवासी चरन सिंह ने लोहिया आवास न मिलने व दशरथ ने लोहिया आवास अपात्रों को दिए जाने की शिकायत की। राघवेंद्र, अमित, बबली ने बताया कि उनके गांव में ज्यादातर हैंडपंप खराब है। वहीं बिजली की बेहिसाब कटौती से रातों की नींद हराम है। इस मौके पर उपजिलाधिकारी नन्हकू, तहसीलदार अहिवरन सिंह, चिकित्सा अधीक्षक डा. अशोक कुमार राजपूत सहित तमाम अधिकारी मौजूद रहे। वहीं कुलपहाड़ तहसील सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में फरियादियों की समस्याएं सुनी गईं। जिलाधिकारी वीरेश्वर सिंह ने शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द निपटाने के निर्देश दिए। कुलपहाड़ निवासी राघवेंद्र लक्षकार ने एक माह पहले जली दुकान का मुआवजा मुख्यमंत्री राहत कोष से दिलाने की मांग की। कुलपहाड़ के गोविंद नगर निवासी कुलदीप विश्वकर्मा, धीरेंद्र मिश्रा, लखन कुशवाहा सहित एक दर्जन लोगों ने बताया कि वर्ष 2005 में बिछाई गई पानी की पाइप लाइन आज तक चालू नहीं हो सकी है। पनवाड़ी निवासी जहीर खां, अब्दुल और महोबकंठ निवासी महिपाल, रामप्रकाश सहित तमाम ग्रामीणों ने निर्धारित बिजली आपूर्ति न किए जाने की शिकायत की। सलैया-खालसा निवासी रामसनेही, मूलचंद्र, वीरेंद्र, लखनलाल ने गांव के कोटेदार द्वारा एपीएल कार्ड का गेहूं, चावल छह माह से वितरण न किए जाने की शिकायत की। वहीं सुंगिरा निवासी रामसहाय ने घुना और मिट्टी मिलाकर गेहूं वितरित किए जाने की शिकायत की, साथ ही गेहूं भी दिखाया। डीएम वीरेश्वर सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएसओ को जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए। तहसील दिवस में पुलिस अधीक्षक केके गहलोत, उपजिलाधिकारी मो. रिजवान, बीएसए रामेश्वर प्रसाद, डीएसओ कमलेश गुप्ता समेत तमाम अधिकारी मौजूद रहे।