कुलपहाड़ (महोबा)। कोतवाली कुलपहाड़ के एक गांव में किशोरी को जंगल में ले जाकर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। किशोरी ने बंधक बनाकर सामूहिक दुष्कर्म और हत्या की साजिश का आरोप लगाया है। पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता को डॉक्टरी परीक्षण के लिए महिला अस्पताल भेजा गया है।
एक गांव निवासी 17 वर्षीय किशोरी ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 31 जुलाई की सुबह 10 बजे पड़ोस में रहने वाली एक महिला ने फोनकर उसे अपने घर बुलाया। आरोप है कि वहां चार लोग पहले से मौजूद थे। शादी का झांसा देकर एक युवक ने पहले भी उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और बाद में रुपये लेकर दिल्ली चलने का दबाव बनाया। विरोध करने पर आरोपी उसके साथ हाथ, पैर व मुंह बांधकर जंगल ले गए जहां उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। मौका पाकर उसने यूपी 112 पुलिस को फोन किया। पुलिस के पहुंचने पर उसकी जान बच सकी और आरोपी भाग निकले।
किशोरी का कहना है कि आरोपी उसकी हत्या कर शव रेलवे ट्रैक में फेंकने की योजना बना रहे थे। उसे व उसके परिवार को आरोपियों से जान का खतरा है। कोतवाली प्रभारी अवधेश कुमार मिश्रा का कहना है कि पीड़िता के पिता की तहरीर पर केशू उर्फ कृष्ण कुमार, जयपाल, अखिलेश और शंकरलाल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। सीओ कुलपहाड़ अनुरुद्ध कुमार सिंह का कहना है कि एक व्यक्ति ने बेलाताल चौकी में प्रार्थना पत्र दिया था। जांच में सामने आया कि वादी की बेटी को एक सजातीय युवक बहला-फुसलाकर शादी का झांसा देकर ले गया था। तथ्यों के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।