चित्रकूट धाम मंडल बांदा के कमिश्नर एल वेंकटेश्वर लू ने कहा कि शिक्षक समाज का निर्माता होता है। बच्चों का भविष्य शिक्षकों पर ही निर्भर करता है। शिक्षक पर बहुत सारी जिम्मेदारी होती है, यदि शिक्षक मेहनत और ईमानदारी से अपनी जिम्मेदारी का निर्वाहन करते तो बच्चे अच्छी शिक्षा पाकर आगे बढ़ सकते हैं।
कमिश्नर गुरुवार को सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज में शिक्षा गुणवत्ता पर आयोजित गोष्ठी में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को अपना काम ईमानदारी से करना चाहिए। उन्होंने गीता, रामचरित मानस आदि के प्रसंगों के माध्यम से बताया कि इन ग्रंथों में मानव को जीवन जीने की कला सीखने का अवसर प्राप्त होता है। उन्होंने कहा कि ईमानदार व्यक्ति डरता नहीं है। उन्होंने कहा कि भगवान भी पुरुषार्थी व्यक्ति की मदद करता है।
मानव जीवन में दूसरे की भलाई करना चाहिए। उन्होंने कहा कि मानव जन्म पाकर इसको सार्थक बनाने की आवश्यकता है। उन्होंने शिक्षकों को शिक्षा में गुणवत्ता लाने के लिए अनेक सुझाव दिए। गोष्ठी का संचालन पं. जगप्रसाद तिवारी ने किया। इस अवसर पर शिक्षा विभाग के संयुक्त निदेशक मनोज द्विवेदी, जिला विद्यालय निरीक्षक विधि नारायण, प्रधानाचार्य विपिन बिहारी द्विवेदी, विश्वनाथ त्रिपाठी, विजय शंकर तिवारी, सरगम खरे, विमला खरे, हम्मीर सिंह, अबोध सोनी सहित तमाम टीचर मौजूद रहे।