छात्र छात्राओं को बैंक योजनाओं की जानकारी देते अधिकारी
- फोटो : अमर उजाला
इलाहाबाद यूपी ग्रामीण बैंक के तत्वावधान में बुधवार को सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज में वित्तीय समावेशन कार्यक्र्रम का आयोजन किया गया। यहां अधिकारियों ने छात्र छात्राओं को बैंक योजनाओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम में वित्तीय साक्षरता केंद्र प्रभारी आरके श्रीवास ने बताया कि औपचारिक वित्तीय प्रणाली से वंचित व्यक्तियों के लिए बचत, ऋण, बीमा, भुगतान एवं प्रेषण सुविधाओं का प्रावधान ही वित्तीय समावेशन है। बैंक में खाता इसकी पहली सीढ़ी है। योजना के तहत भारतीय रिजर्व बैंक के मानकों के आधार पर नियुक्त बैंक साथी गांवों में जाकर बैंकिंग सुविधाएं प्रदान करेंगे। क्षेत्रीय कार्यालय महोबा के मुख्य प्रबंधक पीके सिंह ने बताया कि नो फ्रिल खाता कम आय वाले लोगों का खोला जाता है।
बैंक में खाता खुलवाने के लिए राशन कार्ड, जॅाब कार्ड, किसान बही, ग्राम प्रधान का प्रमाण पत्र, स्कूल प्रमाण पत्र, परिवार रजिस्टर की नकल में से कोई एक प्रमाण पत्र होना चाहिए। बैंक के किसी नियमित खातेदार से परिचय कराकर भी नो फ्रिल खाता खुलवाया जा सकता है। यहां भूपेंद्र सिंह, सीपी विश्वकर्मा सहित तमाम छात्र छात्राएं मौजूद रहे।