महोबा। शहर के गांधीनगर निवासी एक युवक ने शुक्रवार की रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वहीं थाना श्रीनगर के ग्राम चितैयन में तीस वर्षीय विवाहिता ने भी फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस ने मृृतकों के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दोनों आत्महत्याओं के कारणों का कारण ज्ञात नहीं हो सका है।
शहर के मोहल्ला गांधीनगर के बजरंग चौक निवासी आशू (25) पुत्र परमलाल सैन शुक्रवार की रात को परिजनों के साथ खाना खाकर छत पर बने कमरे पर चला गया। करीब तीन बजे लाइट जाने पर परिजन छत पर आए तो आशू को फांसी पर लटका देख उनके होश उड़ गए। पिता की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को फांसी के फंदे से उतारकर शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं श्रीनगर प्रतिनिधि के अनुसार ग्राम चितैयन निवासी ओम (30) पत्नी छक्की लाल ने शुक्रवार रात घर पर फांसी लगाकर जान दे दी। महिला का पति दिल्ली में रहकर मजदूरी करता है। शनिवार की सुबह गांव की महिला मजदूरों ने ओम को मजदूरी पर चलने के लिए बुलाया, जवाब न मिलने पर मजदूरों ने कमरे में आकर देखा तो ओम का शव फांसी पर लटक रहा था। ग्रामीणों ने इसकी सूचना ढुडै़यन गांव में रह रहे ससुर और पुलिस को दी। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका के ससुर ने बताया कि ओम दोनों बच्चों को मेरे पास छोड़कर गांव चली गई थी।