फोटो 10 एमएएचपी 07 परिचय-सीएचसी कबरई में डॉ. गौरव पटेल से घटना की जानकारी लेती पुलिस। संवाद
कबरई (महोबा)। सीएचसी कबरई के प्रभारी चिकित्सक ने निलंबित शिक्षक पर मारपीट व सरकारी अभिलेख फाड़ने का आरोप लगाया है। बताया कि पिता के इलाज में देरी होने पर शराब के नशे में पहुंचे निलंबित शिक्षक ने साथी और पिता के साथ मिलकर मारपीट की। अस्पताल में रखे उपचार संबंधी उपकरण व सामान भी फेंक दिए। पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर शिक्षक और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया है।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. गौरव पटेल ने बताया कि रविवार की देर शाम झलकारीबाई नगर निवासी निलंबित शिक्षक पवन अपने पिता रामस्वरूप कुशवाहा व राजीवनगर निवासी साथी राघवेंद्र कुशवाहा के साथ अस्पताल आया। उस समय वह दूसरे मरीज का उपचार कर रहे थे। आरोप है कि तभी पवन ने पिता को तत्काल देखने का दबाव बनाया। पांच मिनट इंतजार करने की बात कहने पर तीनों आक्रोशित हो गए। गाली-गलौज करते हुए अस्पताल में रखा सामान फेंकने लगे। विरोध करने पर सीएचसी अधीक्षक के साथ मारपीट की और सरकारी अभिलेख फाड़ दिए। सूचना पर पुलिस पहुंची तो आरोपी मौके से भाग निकले। पुलिस ने सीएचसी अधीक्षक से जानकारी लेते हुए मामले की जांच शुरू की। उधर, थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने बताया कि पवन, उसके पिता रामस्वरूप कुशवाहा व साथी राघवेंद्र कुशवाहा के खिलाफ मारपीट, सरकारी कार्य में बाधा समेत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। पवन और राघवेंद्र को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना की जांच कराई जा रही है।
तीन माह पहले भी कर चुका है अभद्रता
सीएचसी अधीक्षक ने बताया कि पवन करीब तीन माह पहले भी रात को शराब के नशे में अस्पताल पहुंचा था। उस समय उसने फर्जी मेडिकल बनाने का दबाव बनाया था। मना करने पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी थी। करीब एक माह पहले भी उसने नशे की हालत में पहुंचकर जबरन जांच कराने का दबाव बनाकर अभद्रता की थी। इसकी शिकायत बेसिक शिक्षा विभाग से की गई थी।
जांच के बाद किया गया था निलंबित
बीईओ कबरई प्रवेश वाजपेयी ने बताया कि शिक्षक के नशे का आदी होने और अनुचित आचरण की शिकायत मिलने पर दो सदस्यीय टीम से जांच कराई गई थी। दोषी पाए जाने पर उसे निलंबित कर दिया गया था। वह अभी भी निलंबित चल रहा है। जांच के लिए विद्यालय पहुंचने वाले शिक्षा विभाग के अधिकारियों से भी अभद्रता करने की शिकायतें मिली हैं।
फोटो 10 एमएएचपी 07 परिचय-सीएचसी कबरई में डॉ. गौरव पटेल से घटना की जानकारी लेती पुलिस। संवाद